जिला कलेक्टर देशलदान ने पेयजल से संबंधित शिकायतों का 24 घंटे के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला परिषद के ईडीपी सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर ने पीएचईडी विभाग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों और उनके समाधान की जानकारी ली। कलेक्टर ने गांवों और शहरों में खराब हैंडपंपों को तुरंत ठीक करवाने, प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूरा करने और जल परियोजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी प्रगतिरत सड़क कार्यों को बरसात से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सड़कों के किनारे से झाड़ियां हटाने और विभिन्न निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। एवीएनएल (बिजली विभाग) की समीक्षा में सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और कृषि कनेक्शन की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि बिजली कटौती की सूचना उपभोक्ताओं को पूर्व में दी जाए और उनके फोन का जवाब अनिवार्य रूप से दिया जाए। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। शिक्षा विभाग की समीक्षा में मिड-डे मील, नामांकन, जर्जर भवनों की मरम्मत और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान कार्ड, हीट वेव की तैयारी, अस्पतालों की साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कृषि विभाग में उर्वरक उपलब्धता, फसल बीमा और सिंचाई योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। पशुपालन विभाग में पशु बीमा योजना, टीकाकरण और मोबाइल चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा की गई। परिवहन विभाग को ओवरलोडेड और अवैध वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।