भास्कर संवाददाता | चूरू कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में साप्ताहिक समीक्षा ली। बैठक में आवश्यक सेवाओं, ग्राम रथ अभियान, जनगणना-2027, मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/ वार्ड अभियान, एचपीवी वै​क्सीन कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल व डीजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने नियमित प्रवर्तन कार्रवाई, निरीक्षण, आकस्मिक जांच व प्रभावी निगरानी करते हुए कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने तेज गर्मी को देखते हुए पेयजल, विद्युत, चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने व आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात कहीं तथा इनसे जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निकाय के अधिकारियों को गेनाणियों व नाले-नालियों की सफाई करवाने के लिए कहा। एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं का अधिकाधिक टीकाकरण सुनिश्चित करें। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण के लिए व्यक्तिगत रूप से सम्पर्क कर निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।