बाड़मेर | राजस्थान शिक्षा विभाग में वरिष्ठ सहायक से सहायक प्रशासनिक अधिकारी पद पर 1775 पदोन्नतियों की सूची एक साथ जारी की गई। विभाग के आठों संभाग मुख्यालयों के संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा कार्यालयों ने आदेश जारी किए। बताया गया कि हाल के दिनों में 888 मंत्रालयिक कर्मचारियों को अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी पद पर पदोन्नति भी दी गई थी। टीम नूतन शिक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नूतनपुरी गोस्वामी ने इसे विभाग के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षामंत्री मदन दिलावर के प्रति आभार जताया। संगठन के पदाधिकारी देवीसिंह भाटी ने बताया कि मारवाड़- जोधपुर संभाग में 265 पदोन्नतियां हुईं। संगठन के अनुसार तकनीकी कारणों से पाली और उदयपुर की सूचियां बाद में जारी हुईं। बाड़मेर में पदोन्नत कर्मचारियों के सम्मान में संगठन की ओर से अभिनंदन कार्यक्रम भी किया गया।