शहर में पेयजल समस्याओं को लेकर कांग्रेस की सक्रियता का असर दिखने लगा है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में एक कांग्रेस शिष्टमंडल ने मंगलवार को जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार जूनवाल से मुलाकात की। इस दौरान पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में अधिशासी अभियंता सुनील कुमार जूनवाल ने बताया कि कांग्रेस के आंदोलनों और लगातार प्रयासों के कारण शहर की पेयजल आपूर्ति में सुधार हुआ है। पहले शहर को 23 एमएलडी पानी मिलता था, जो अब बढ़कर 26 एमएलडी हो गया है। इसके अतिरिक्त जवाजा फीडर से भी 3 एमएलडी अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने की योजना पर काम चल रहा है। इससे शहर में जलापूर्ति व्यवस्था अधिक नियमित और समयबद्ध होने की उम्मीद है। दूषित पानी और लीकेज की शिकायतों पर विभाग ने स्वीकार किया कि पिछले छह महीनों में गैस और सीवरेज पाइपलाइन के कार्यों के दौरान पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचा था। इसी कारण लीकेज और दूषित जल की समस्या बढ़ी थी। अधिकारियों ने बताया कि अब इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। विभाग ने जल्द ही स्थिति में सुधार होने का आश्वासन दिया है। बैठक में शहर के लिए कई महत्वपूर्ण नई योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अमृत 2.0 योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव है, जिससे लो-प्रेशर की समस्या समाप्त हो सकेगी। इसके साथ ही, शहर में पांच नए उच्च जलाशयों के निर्माण और एक अतिरिक्त स्टोरेज टैंक के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है। कंट्रोल रूम और बिलिंग व्यवस्था में सुधार जनता की सुविधा के लिए विभाग ने 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम शुरू किया है। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से जलापूर्ति की सूचना दी जा रही है। अधिकारियों ने बिल वितरण में हुई पिछली देरी को स्वीकार करते हुए भविष्य में समय पर बिल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।