टोंक | भाजपा सरकार द्वारा पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव टालने के विरोध में कांग्रेस के ‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत देहात व शहर ब्लॉक कांग्रेस की संयुक्त बैठक जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय टोंक में आयोजित की गई। बैठक में टोंक विधानसभा संगठन प्रभारी कमलेश गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के अहंकार में संवैधानिक प्रावधानों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी कर रही है तथा चुनाव टाल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के “चाल, चरित्र और चेहरा” को जनता के सामने लाने का आह्वान किया। पूर्व जिला अध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा ने कहा कि चुनाव नहीं होने से गांवों में विकास कार्य ठप हैं और योजनाएं अटकी हुई हैं। उन्होंने इसे भाजपा की सोची-समझी राजनीतिक रणनीति बताया। पूर्व विधायक कमल बैरवा, दिनेश चौरसिया, हंसराज फागणा, सैयद महमूद शाह, कैलाशी देवी मीणा सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। इस दौरान जिला सोशल मीडिया प्रभारी जर्रार खान, सीपी श्रीवास्तव, जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष विकास लोदी, रामलाल सेलिवाल, इरशाद बेग भारत वर्मा आदि कार्यकर्ता-पदाधिकारी उपस्थित रहे।