डूंगरपुर| भारतीय किसान संघ की जिला बैठक सोमवार को हुई। इसमें किसानों ने फसल खराबा का भुगतान नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन का फैसला लिया। अध्यक्षता गोविंदराम पाटीदार ने की। मुख्य अतिथि मणीलाल लबाना रहे। विशिष्ट अतिथि गौरीशंकर सिलोही, मोगजी, देवेंगभाई जेठाना रहे। बैठक में बताया गया कि खरीफ फसल वर्ष 2024 का 2.31 करोड़ और वर्ष 2025 में पूरे जिले की सभी तहसीलों का 21.28 करोड़ सहित कुल 23.59 करोड़ रुपए बकाया है। इस राशि का भुगतान शीघ्र नहीं होने पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। वर्ष 2027 की सदस्यता को लेकर सभी को लक्ष्य पूरा करने की शपथ दिलाई गई। बैठक के बाद पदाधिकारियों और सदस्यों ने कलेक्टर देशल दान का स्वागत किया। इसके बाद अतिरिक्त कलेक्टर धाकड़ से 23.59 करोड़ रुपए के भुगतान नहीं होने पर चर्चा की गई। तहसीलवार भेजे गए बिलों की जानकारी ली गई। सामने आया कि करीब 50% किसानों के कृषि आदान अनुदान के भुगतान के लिए बिल ट्रेजरी भेजे गए। ईसीएस जयपुर से भुगतान नहीं हुआ। मामला वित्त विभाग में लंबित बताया गया। प्रशासन से शीघ्र भुगतान कराने पर वार्ता हुई।