प्रदेश के जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने टोंक में किशोरियों से संवाद करते हुए डिजिटल युग और बढ़ते अपराधों के दौर में सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। शिव शिक्षा समिति की ओर से संचालित सपनों की उड़ान परियोजना के तहत देवली रोड स्थित एक होटल में आयोजित दो दिवसीय फैलो प्रशिक्षण में मंत्री ने किशोरियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का समझदारी से उपयोग करने, अनजान लोगों पर अंधा विश्वास न करने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने का संदेश दिया। प्रशिक्षण में शामिल रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रभु लाल सैनी ने भी किशोरियों से संवाद कर उनकी कहानियां सुनीं और उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था सचिव डॉ. शिवजीराम यादव ने बताया कि यह परियोजना पीपलू तहसील की 25 पंचायतों के 118 गांवों की करीब 6000 किशोरियों के साथ संचालित की जा रही है। प्रशिक्षण में शामिल 10 फैलो किशोरियां अपने-अपने गांवों में जाकर 100-100 किशोरों के साथ जीवन कौशल आधारित सत्र आयोजित करेंगी। परियोजना अधिकारी सीताराम शर्मा ने परियोजना की जानकारी दी। इस दौरान परियोजना अधिकारी पूनम जोनवाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।