दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे स्थित भांडारेज टोल प्लाजा पर एक लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बुधवार को माप-तौल जांच अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बता दें कि उपभोक्ताओं को सही माप-तौल उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। टोल प्लाजा पर जांच के दौरान वाहनों का वजन मापने के दो उपकरण सत्यापित नहीं मिले। स्थिर धर्मकांटा का सत्यापन नहीं पाए जाने के बाद जुर्माना लगाया गया। अधिकारी बोले- नियमों के मुताबिक कार्रवाई की विधिक माप विज्ञान अधिकारी नीरज वर्मा ने बताया- उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश पर जिले में स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार 21 अक्टूबर को सिकंदरा और भांडारेज टोल प्लाजा की जांच की। इसमें भांडारेज टोल प्लाजा पर वजन मापने वाले दोनों उपकरणों का निर्धारित सत्यापन नहीं पाया गया। इस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया। उन्होंने कहा- उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करने और सही माप-तौल सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। माप-तौल उपकरणों का सत्यापन नहीं कराने अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।