एलपीजी की किल्लत के बीच कालाबाजारी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने शुक्रवार को लालसोट रोड स्थित गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर सिलेंडरों की वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध स्टॉक, सिलेंडरों के रख-रखाव, वितरण प्रक्रिया एवं होम डिलीवरी की व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला रसद अधिकारी कौशल किशोर गुप्ता को निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं को सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज प्राप्त हो रहा है, उन्हें निर्धारित समयावधि में हर हाल में सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही डिलीवरी से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। राशन डीलर का प्राधिकार पत्र निलंबित रसद विभाग ने सिकराय में ग्राम पंचायत ठीकरिया स्थित उचित मूल्य दुकान में जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से दुकान का प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिया है। जिला रसद अधिकारी कौशल किशोर गुप्ता ने बताया कि इस उचित मूल्य दुकान का 16 अप्रैल को संयुक्त जांच दल द्वारा निरीक्षण किया गया। प्रवर्तन निरीक्षक द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में राजस्थान खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक पदार्थ (वितरण का विनियमन) आदेश, 1976 के तहत जारी प्राधिकरण पत्र की शर्तों का उल्लंघन एवं गंभीर अनियमितताएं तथा गबन पाया गया। कलेक्टर ने बजट घोषणाओं की समीक्षा की कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति एवं क्रियान्विति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की स्थिति, निर्धारित समय-सीमा तथा लंबित प्रकरणों पर विभागवार चर्चा करते हुए बजट घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि कई कार्य प्रगतिरत हैं, वहीं अनेक योजनाएं पूर्ण भी की जा चुकी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बजट घोषणाएं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं, अतः उनकी क्रियान्विति में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आपसी समन्वय से कार्यों को गति दें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। बैठक में एडीएम दौसा अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बाल विवाह रोकने की कवायद अक्षय तृतीया, पीपल पूर्णिमा के अवूझ सावों को मद्देनजर रखते हुए बाल विवाह रोकथाम की कवायद शुरू कर दी है। कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने संबंधित अधिकारियों को बाल विवाह रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना जारी करते हुए निर्देश जारी किए हैं। बाल विवाह रोकथाम के लिए जिला स्तर पर कन्ट्रोल रुम नं. 01427-224903 स्थापित किया गया है, जिसके प्रभारी सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग विश्व देव को एवं सहायक प्रभारी चन्द्रप्रकाश उपाध्याय को बनाया गया है। इसके अलावा उपखण्ड स्तर पर भी बाल विवाह रोकथाम के लिए कन्ट्रोल रुम स्थापित किये गये हैं। साथ ही चाईल्ड हेल्प लाइन नं. 1098, पुलिस हेल्प लाईन नं. 100, राजस्थान सम्पर्क नं. 181 पर एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी उपखण्ड मजिस्ट्रेट और तहसीलदार को भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जिला परिषद की साधारण सभा 24 को जिला परिषद दौसा की साधारण सभा की बैठक 24 अप्रेल शुक्रवार को सुबह 11.30 बजे जिला परिषद सभा भवन में जिला प्रमुख हीरालाल सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदीचन्द गंगवाल ने दी।