दौसा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने भूमि नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, गिरदावरी, राजस्व रिकॉर्ड संधारण एवं लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्रों जैसे आमजन के बेसिक कार्यों को लंबित नहीं रखने और समय पर जारी करने पर जोर दिया। साथ ही, जनगणना कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण करने एवं बजट घोषणा 2026-27 से संबंधित भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने उपखंड अधिकारियों से पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए टैंकरों से जलापूर्ति की प्रस्तावित कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने हीट वेव के मद्देनजर आवश्यकता अनुसार टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, एडीएम दौसा अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा सहित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे।