दौसा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में शनिवार को एडवोकेट चैंबरों के लिए लगाई गई नई लिफ्ट का उद्घाटन राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस गणेश राम मीणा ने किया। लिफ्ट के उद्घाटन के बाद कोर्ट परिसर में पौधारोपण किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश केशव कौशिक, एसपी पीयूष दीक्षित सहित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित न्यायालय परिसर का संदेश दिया। पौधों का संरक्षण और संवर्धन जरूरी जस्टिस गणेश राम मीणा ने कहा कि आधुनिक एवं सुगम न्यायिक अवसंरचना न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी आह्वान किया। जिला जज केशव कौशिक ने कहा कि चैंबरों में लिफ्ट की सुविधा से वरिष्ठ अधिवक्ताओं, दिव्यांग अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने पौधारोपण को न्यायालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष कुंजबिहारी शर्मा, महासचिव रामेश्वर बैरवा, कोषाध्यक्ष नरेश महावर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयंत जोशी सहित अधिवक्ता एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।