दौसा जिले में दूसरे चरण में 6 पंचायत समितियों की 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1,223 वार्डों में पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए 29 अक्टूबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। बैजूपाड़ा, बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतपत्रों के जरिए कराया जाएगा। सुबह 8 से 11 बजे तक लिए जाएंगे नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया - दूसरे चरण में बैजूपाड़ा, बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति क्षेत्रों में पंच और सरपंच पदों के लिए 29 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। नामांकन का समय सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक रहेगा। नाम निर्देशन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे से होगी। इसके बाद अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी का समय पूरा होते ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। बैजूपाड़ा में 18 तो बांदीकुई में 44 ग्राम पंचायतों में चुनाव जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया - दूसरे चरण में जिले की छह पंचायत समितियों की कुल 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1,223 वार्डों में पंच पदों के लिए मतदान होगा। इनमें बैजूपाड़ा पंचायत समिति की 18 ग्राम पंचायतों के 148 वार्ड, बांदीकुई की 44 ग्राम पंचायतों के 380 वार्ड, बसवा की 18 ग्राम पंचायतों के 166 वार्ड, महवा की 23 ग्राम पंचायतों के 201 वार्ड, मंडावर की 15 ग्राम पंचायतों के 133 वार्ड और मनोहरपुर खेड़ला की 23 ग्राम पंचायतों के 195 वार्ड शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में सरपंच और पंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।