दौसा में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला जवानों ने स्कूली लड़कियों को आत्मरक्षा के टिप्स दिए। यह भी बताया कि रास्ते में कोई छेड़छाड़ करे, पीछा करे या गंदे कमेंट करे तो 1090 नंबर पर कॉल कर दो। बता दें कि जिले में पुलिस और कालिका यूनिट की ओर से सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यूनिट की महिला जवान महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अहम जानकारियां शेयर कर रही हैं। यहां हुए कार्यक्रम अभियान के तहत गुरुवार को महिला कॉलेज, महिला थाना, गुप्तेश्वर रोड, हंस विद्या आश्रम स्कूल, यशोधरा लॉन और नेहरू पार्क में जागरूकता कार्यक्रम हुए। इनमें लड़कियों को सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकार, पुलिस के सुरक्षा अभियानों की जानकारी दी गई। साथ ही राजकोप सिटिजन ऐप का इस्तेमाल कर इमरजेंसी में तुरंत मदद लेने का तरीका बताया गया। महिला हेल्पलाइन 1090 पुलिस टीम ने लड़कियों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के रूल, आत्मरक्षा के उपाय, महिला हेल्पलाइन 1090/1091 और पुलिस कंट्रोल रूम 112 के उपयोग की जानकारी दी। लड़कियों को पुलिस की महिला डेस्क, ऑपरेशन गरिमा, ऑपरेशन लाडली, सुरक्षा सखी अभियान और ऑपरेशन जागृति के बारे में बताया। गुड टच, बेड टच की दी जानकारी इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच और पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।