पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए दौसा पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी कुंदन कंवरिया के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में 4 अग्निवर्षा वाहन और एक वज्र वाहन तैयार किए गए हैं। क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को इनके संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल की ट्रेनिंग भी दी गई। हथियारों की लोडिंग-अनलोडिंग का अभ्यास कराया पुलिस जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवांछनीय गतिविधियों पर नियंत्रण करने और विषम परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास करवाया गया। इस दौरान फायरिंग एंगल और हथियारों की लोडिंग-अनलोडिंग सहित जरूरी प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में पुलिस बल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। अतिसंवेदनशील स्थानों पर होगी तैनाती पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षित पुलिस जाप्ते के साथ इन वाहनों को अतिसंवेदनशील स्थानों और आपातकालीन परिस्थितियों में तैनात किया जाएगा। चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सतर्क रखा जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए पंचायतीराज आम चुनाव संपन्न कराना है।