दौसा जिले की सिकंदरा थाना पुलिस ने दिनदहाड़े रिटायर्ड कर्मचारी से 1 लाख रुपए लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पड़ोसी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई पूरी एक लाख रुपए की राशि भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को भंडारी निवासी गिर्राज सिंह राजपूत (71) एसबीआई बैंक, सिकंदरा से एक लाख रुपए निकालकर साइकिल से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12:50 बजे छोकरवाड़ा गांव के पास एक युवक साइकिल के हैंडल पर टंगे कपड़े के थैले में रखी नकदी छीनकर फरार हो गया। सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट से आरोपी तक पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में थाना प्रभारी अशोक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट जुटाकर आरोपी की पहचान की। पूरी लूटी हुई रकम बरामद पुलिस ने मामले में निहालपुरा निवासी कमल सिंह उर्फ पुष्या (29) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से लूटी गई पूरी एक लाख रुपए की राशि बरामद कर जब्त कर ली गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।