दौसा पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो गाड़ी से डेढ़ करोड़ रुपए कीमत की स्मैक (ड्रग्स) पकड़ी है। तस्कर कोटा से स्मैक लेकर दौसा में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 तस्कर फरार हो गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि ड्रग्स की डीलिंग मास्टरमाइंड की पत्नी शिवानी करती थी और मास्टरमाइंड अहसान अपने साथियों के साथ माल की सप्लाई करता था। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूरे नेटवर्क के बारे जानकारी जुटा रही है। नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ली, स्कॉर्पियो में मिली स्मैक सदर थानाधिकारी युधिष्ठिर ने बताया- जयपुर रेंज साइबर सेल को सूचना मिली थी कि कोटा के कुछ तस्कर दौसा जिले के सिकंदरा क्षेत्र के 3 लोगों को स्मैक की खेप देने के लिए भांडारेज पुलिया के पास पहुंचने वाले हैं। इसके बाद जयपुर रेंज साइबर सेल, दौसा डीएसटी और सदर थाना पुलिस ने शनिवार रात को नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ली। इस दौरान एक ब्लैक स्कॉर्पियो से 293.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी में बैठे 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और स्कॉर्पियो जब्त की गई। आरोपियों की पहचान अहसान (30), शोएल अली (32), शाहनवाज खान (29), मुकीम (29), शाहरुख (31) और मोहम्मद शोएल उर्फ बल्लू (29) के रूप में हुई है। सभी कोटा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। फोन पर ड्रग्स की डील करती थी मुख्य आरोपी की पत्नी SP कुंदन कवरिया ने बताया- मुख्य आरोपी अहसान की पत्नी शिवानी कंवर दौसा और अन्य इलाकों के तस्करों से स्मैक की डील करती थी और लेन-देन का हिसाब भी रखती थी। कोटा के आरोपी अहसान और शोएल अली दौसा के 3 लोगों के संपर्क में थे। आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए दौसा के अलावा राजस्थान के दूसरे जिलों में भी स्मैक की सप्लाई की जा रही थी। जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर सहित अन्य क्षेत्रों में इस नेटवर्क के संपर्कों की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्मैक कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक होती थी। साथ ही नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।