दौसा जिले में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में गिरावट के साथ सुबह के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में धूप खिलने से गर्मी का अहसास बना हुआ है। सुबह और दोपहर के मौसम में अंतर के चलते लोगों को अब गुनगुनी ठंड का अनुभव होने लगा है। मौसम के मौजूदा रुख के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वहीं, हल्की बूंदाबांदी होने पर आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में ठंड का असर बढ़ सकता है। बदलने लगी लोगों की दिनचर्या मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों की दिनचर्या में भी परिवर्तन नजर आने लगा है। सुबह जल्दी घरों से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को अब सर्दी के बढ़ने का इंतजार है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने पर सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो सकता है।