दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक युवक को किडनैप कर लिया। इसके बाद मारपीट कर मोबाइल का पासवर्ड पूछा और उसके खाते से ऑनलाइन 92 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। वारदात शनिवार देर रात ईटका गांव में हुई। बदमाश युवक को बावनपाड़ा गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, ईटका निवासी कैलाश (35) पुत्र बाबूलाल शर्मा के पास कार सवार युवक पहुंचे। उन्होंने रास्ता पूछने के बहाने कैलाश को रोका और फिर जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल का पासवर्ड पूछकर खाते से करीब 92 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। जांच में जुटी पुलिस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कैलाश को बावनपाड़ा गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात बदमाशों की पहचान करने के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई कार के बारे में जानकारी जुटा रही है। रास्ता पूछने के बहाने युवक का अपहरण कर मारपीट करने और ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाने की घटना से लोगों में डर का माहौल है।