डीग जिले के गांव अऊ में जन सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चंद्र विश्नोई के निर्देशन में चलाए जा रहे 'जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान' के तहत हुआ। इसमें डीग पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा और सदर थाना प्रभारी विजय सिंह मीणा ने ग्रामीणों को जागरूक किया। पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों और उनके फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सदर थाना प्रभारी विजय सिंह मीणा ने अभियान के तहत गोद लिए गए गाँव अऊ में आमजन से अपील की कि वे गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, हेलमेट व सीटबेल्ट पहनें और शराब पीकर या तेज गति से वाहन न चलाएं। उन्होंने ग्रामीणों से हेलमेट खरीदने का भी आग्रह किया। सीओ बैरवा ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद्र विश्नोई के निर्देश पर डीग जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में 4 मई से 31 मई तक यह जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत गोद लिए गए गाँवों में जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी और उन्हें जागरूक किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सदर थाना अंतर्गत चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा सहित ग्रामीण और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। स्थानीय गांव अऊ के वरिष्ठ साहित्यकार सुरेंद्र सार्थक और कवि चंद्रभान शर्मा 'चंचल' ने कविता के माध्यम से आपदा प्रबंधन और सड़क सुरक्षा पर जानकारी प्रदान की।