जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने मंगलवार को डीग शहर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मानसून प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और यातायात सुधार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने गणेश मंदिर, जिला अस्पताल पार्किंग, नई सड़क, सब्जी मंडी, मेला ग्राउंड स्थित निर्माणाधीन फूड स्ट्रीट, बड़ा बाजार, लोहा मंडी और पुराने बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने जिला अस्पताल के आसपास पार्किंग व्यवस्था सुधारने और शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद को मास्टर प्लान के अनुरूप स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण चिह्नित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, शहरवासियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर शहर के विकास में सहयोग की अपील भी की। मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुख्य नालों की सफाई पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने नालों से निकाली गई सिल्ट को तुरंत हटाने के निर्देश दिए ताकि बारिश में वह दोबारा नालों में न पहुंचे। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां पंप और पंप-सेट उपलब्ध रखने तथा नालों की नियमित सफाई जारी रखने के निर्देश भी दिए। शहर में व्यापक पौधारोपण कराने पर भी जोर 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत शहर में व्यापक पौधारोपण कराने पर भी जोर दिया गया। जिला कलेक्टर ने मेला ग्राउंड स्थित निर्माणाधीन फूड हब का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि बृजेंद्र पार्क को 'वेस्ट टू वंडर' पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। पार्क में तैयार कलाकृतियों के संरक्षण, सुरक्षा गार्ड तैनात करने और निचले हिस्सों में भराव कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए। लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों की प्रगति की समीक्षा शहर की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उन्होंने डीओआईटी द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को जयपुर मुख्यालय से समन्वय कर लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने, आवश्यक होने पर संबंधित फर्म को नोटिस जारी करने और सभी कैमरों को जल्द चालू कर उनका लाइव फीड पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, उपखंड अधिकारी अमित कुमार मीणा , नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।