साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत सीकरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक बोलेरो गाड़ी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक डी. शरण गोपीनाथ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सीकरी थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को साइबर सेल डीग से सूचना मिली कि साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज शिकायतों से जुड़े मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन खड़खड़ी रोड स्थित सरकारी कॉलेज के आसपास आ रही है। सूचना पर एएसआई अमर सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां बैठे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान शहबाज उर्फ हैदर (20), निवासी सब्जी मंडी के पीछे कसाई मोहल्ला, सीकरी और साबिर (55), निवासी नक्का का बास थाना सीकरी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर डीजे साउंड सिस्टम बेचने के फर्जी विज्ञापन डालते थे। विज्ञापनों में दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने वाले लोगों से फाइल चार्ज और डिलीवरी चार्ज के नाम पर अग्रिम रकम मंगाई जाती थी। इसके बाद ठगी की रकम कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए निकालकर कमीशन के आधार पर बांटी जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।