डीग में शनिवार को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 84.60 प्रतिशत परीक्षार्थी मौजूद रहे। जिला कलेक्टर मयंक मनीष और जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल डीग, लाला मनोहर लाल खंडेलवाल कन्या स्कूल तथा महात्मा गांधी राजकीय स्कूल का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, परीक्षार्थियों की स्क्रीनिंग और परीक्षा कक्षों में बैठक व्यवस्था का अवलोकन किया। जिला कलेक्टर ने केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए, जबकि पुलिस अधीक्षक ने तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने को कहा। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, जिले में इस परीक्षा के लिए कुल चार केंद्र निर्धारित किए गए थे। इनमें किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल डीग, लाला मनोहर लाल खंडेलवाल कन्या स्कूल, महात्मा गांधी राजकीय स्कूल डीग और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल अऊ शामिल थे। परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित था। परीक्षा के सफल समापन के बाद प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, डीग जिले में कुल 1104 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 934 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 170 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार, जिले का कुल उपस्थिति प्रतिशत 84.60 दर्ज किया गया। इस अवसर पर संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक कार्मिक भी माैजूद रहे।