डीग के नगला चाहर गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दुधारू भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक जसराम पुत्र मूलाराम जाट को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुई जब जसराम की भैंस खेत के पास बंधी हुई थी। अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जो सीधे भैंस पर पड़ी। मृत भैंस प्रतिदिन लगभग 10 से 12 लीटर दूध देती थी और पशुपालक की आजीविका का प्रमुख साधन थी। उसकी मौत से किसान को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। घटना की सूचना मिलते ही हल्का पटवारी राजूराम बिश्नोई मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। पटवारी के अनुसार, भैंस का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हाल ही में क्षेत्र में मौसम के अचानक बदलने और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में पशुपालकों और किसानों को ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।