पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर चुनावी तैयारियां जारी हैं। कामां, पहाड़ी और बृजनगर पंचायत समितियों के 419 मतदान बूथों के लिए ईवीएम का प्रथम और द्वितीय रेंडमाइजेशन पूरा किया गया। इसके साथ ही मतदान दलों का द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार कामां पंचायत समिति के 124 बूथों के लिए 322 बैलेट यूनिट और 322 कंट्रोल यूनिट निर्धारित की गई हैं। पहाड़ी के 135 बूथों के लिए 351 बैलेट यूनिट और 351 कंट्रोल यूनिट, जबकि बृजनगर के 160 बूथों के लिए 416 बैलेट यूनिट और 416 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गई हैं। इस तरह तीनों पंचायत समितियों के लिए 1089 बैलेट यूनिट और 1089 कंट्रोल यूनिट निर्धारित की गई हैं। कार्मिकों के प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए नौ ईवीएम निर्धारित की गई हैं। इनमें प्रत्येक पंचायत समिति के लिए तीन मशीनें शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, प्रथम रेंडमाइजेशन के बाद 682 बैलेट यूनिट और 610 कंट्रोल यूनिट शेष रहेंगी, जिन्हें जरूरत के अनुसार आरक्षित संसाधन रूप में उपयोग किया जा सकेगा। कामां, पहाड़ी और बृजनगर पंचायत समितियों के लिए मतदान दलों का द्वितीय रेंडमाइजेशन करते हुए कुल 492 मतदान दल गठित किए गए। ग्राम पंचायत स्तर पर रिटर्निंग अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। ईवीएम के द्वितीय रेंडमाइजेशन में जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए बूथवार मशीनें आवंटित की गईं। पहाड़ी में दो वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण छह बूथों और कामां में एक वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन के चलते तीन बूथों को ईवीएम आवंटित नहीं की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को आवंटित ईवीएम के सुरक्षित संधारण, स्ट्रॉन्ग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा और मतदान दलों की रवानगी के समय मशीनों के व्यवस्थित वितरण के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक जगदीश प्रसाद, प्रोग्रामर पीयूष कुलश्रेष्ठ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा चुनाव शाखा के अधिकारी और तकनीकी कार्मिक मौजूद रहे।