डीग में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को 159 रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए। मास्टर आदित्येन्द्र जी राजकीय महाविद्यालय के राधाकृष्णन सभागार में प्रशिक्षण हुआ। मयंक मनीष ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कोई शंका होने पर तुरंत समाधान लें। जरूरत पड़ने पर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर (डीएलएमटी) और ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर (बीएलएमटी) से मदद लें। प्रशिक्षण में ईवीएम और मतपेटी से मतदान कराने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों को चुनाव चिह्न आवंटन, मतपत्रों पर निशान लगाने, मतगणना और उपसरपंच के अप्रत्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया का अध्ययन करने को कहा गया। मयंक मनीष ने कहा कि मतपत्रों से मतदान में ज्यादा समय लग सकता है, इसलिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी रखें। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मतपत्र दिए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान दल 2 नवंबर को रवाना होंगे। 3 नवंबर को जिले के सभी जिला परिषद सदस्य पदों और तीसरे चरण में पहाड़ी, कामां और बृजनगर पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन होगा। 5 नवंबर को मतदान और मतगणना होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान पुलिस और प्रशासन का सहयोग मिलेगा। ग्राम सचिव, पटवारी, स्कूलों के प्रधानाचार्य और बूथ लेवल अधिकारी अपने मुख्यालयों पर मौजूद रहेंगे। प्रभारी प्रशिक्षण प्रकोष्ठ रेवती प्रसाद शर्मा ने बताया कि 159 रिटर्निंग अधिकारियों के प्रशिक्षण के बाद रिफ्रेशर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस दौरान दिलीप सिंह, गोपाल प्रसाद शर्मा और डीएलएमटी प्रेमचंद शर्मा, दिगम्बर सिंह तथा उम्मेद सिंह मौजूद रहे।