पंचायतीराज चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर डीग जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आरओ, एआरओ और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर मतदाता पंजीकरण, नामांकन प्रक्रिया और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने फॉर्म-6 के लक्ष्य समय पर पूरे करने और निर्वाचन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बीएलओ की रोजाना होगी मॉनिटरिंग जिला निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की रोजाना सुबह-शाम मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। शाला दर्पण से प्राप्त डाटा के आधार पर पात्र लोगों से संपर्क कर फॉर्म भरवाने, उनका संग्रहण करने और ऑनलाइन अपलोडिंग सुनिश्चित करने को कहा। ग्राम पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्रों में इस कार्य को प्राथमिकता देने के साथ फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया। नामांकन केंद्रों पर बढ़ेगा पुलिस जाब्ता आगामी दो दिनों में नामांकन के लिए अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने और जरूरत के अनुसार टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उद्घोषणा के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया और समय की जानकारी देने को कहा। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित रखने पर जोर दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आरओ और एआरओ को अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र का निरीक्षण करने को कहा। केंद्रों पर रैंप, छाया, पेयजल, शौचालय, चारदीवारी, प्रकाश व्यवस्था और जनरेटर की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनरेटर संचालन के लिए विशेष ड्यूटी लगाने और रात में निर्बाध रोशनी बनाए रखने को कहा। उन्होंने मतदान केंद्रों के आसपास पत्थर, गिट्टी और अन्य अवरोध हटवाने तथा भूसा और उपले जैसी ज्वलनशील वस्तुओं को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों के 100 से 200 मीटर के दायरे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पोलिंग पार्टियों के ठहरने की व्यवस्था करने और फील्ड कार्मिकों की नियमित निगरानी करने को भी कहा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।