डीग जिले में पंचायतीराज चुनाव-2026 के लिए मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। लोकतंत्र के इस पर्व में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मातृशक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं ने रैलियों और कार्यक्रमों के जरिए मतदान का संदेश दिया। बुधवार को कामां, पहाड़ी और बृजनगर समेत जिले के कई इलाकों में बाल विकास एवं परियोजना विभाग की महिला कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने जागरूकता गतिविधियों में हिस्सा लिया। इन्होंने लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कामां पंचायत समिति क्षेत्र में मातृशक्ति जागरूकता कार्यक्रम के तहत कई गतिविधियां हुईं। कामां ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया। बृजनगर और पहाड़ी क्षेत्र में भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान का मकसद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और राजीविका से जुड़ी महिलाओं की मदद से आम लोगों तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। इसका उद्देश्य पंचायतीराज चुनाव में मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना है।