डीग जिले में फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। 'ऑपरेशन शिकंजा 2.0' के तहत कैथवाड़ा और पहाड़ी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अपहरण का इनामी आरोपी और गोतस्करी के दो मामलों में फरार बदमाश शामिल हैं। कैथवाड़ा थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में फरार आकिल (28) को पकड़ा है। वह हरियाणा के पलवल जिले के रूपनगर नाटौली गांव का रहने वाला है। आकिल करीब 6 महीने से फरार था और उस पर 3000 रुपए का इनाम घोषित था। पहाड़ी थाना पुलिस ने गोतस्करी के मामले में लंबे समय से फरार काजी (25) और बिल्लू उर्फ बिलाल (22) को गिरफ्तार किया है। ये दोनों हरियाणा के नूंह मेवात जिले के जमालगढ़ के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी करीब 2 साल से गिरफ्तारी से बच रहे थे। अवैध शराब के साथ 1 आरोपी गिरफ्तार डीग पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 70 पव्वे अवैध देसी शराब जब्त की गई। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। मुखबिर से सूचना मिली कि नई सड़क पर भारत गैस एजेंसी के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पेड़ के नीचे थैला लेकर खड़े एक व्यक्ति को पकड़ा। आरोपी की पहचान शंकर पुत्र नकलू शर्मा (35), निवासी नई सड़क, कस्बा डीग के रूप में हुई। पुलिस ने थैले की तलाशी ली, जिसमें देसी शराब के 70 पव्वे मिले।