डीग पुलिस आगामी त्योहारों और पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए अलर्ट हो गई है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर जिले के कई थाना क्षेत्रों और संवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उपद्रवियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारी और जवान मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील गांवों में पैदल चले। इसका मकसद कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। पंचायत चुनाव को देखते हुए संवेदनशील गांवों और मतदान केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है। संदिग्ध लोगों, अवैध गतिविधियों और शराब के अवैध परिवहन पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से त्योहार भाईचारे से मनाने और चुनाव में आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। शांति बिगाड़ने या कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है।