डीग पुलिस ने 'ऑपरेशन काउंटडाउन' चलाकर साइबर ठगी करने वालों पर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर चार थाना क्षेत्रों से 17 आरोपी और चार नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने 23 एंड्रॉयड मोबाइल, 13 फर्जी सिम, एक बैंक पासबुक और एक बोलेरो जब्त की है। आरोपी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ऑनलाइन सामान, राइड बुकिंग और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करते थे। वे रैपिडो राइड, सस्ती साइकिल, सिलाई मशीन, ड्रोन कैमरा, पुराने सिक्के और वर्क फ्रॉम होम नौकरी का झांसा देते थे। कुछ सेक्सटॉर्शन भी करते थे। पहाड़ी थाना क्षेत्र से जब्त मोबाइलों की जांच में करीब पांच लाख रुपए की साइबर ठगी सामने आई है। पुलिस अब जब्त मोबाइल और सिम की जांच कर इस नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।