डीग पुलिस ने "ऑपरेशन शिकंजा 2.0" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 साल से फरार एक स्थायी वारंटी और एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की। बृजनगर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान सुंदरावली रोड से विकेश उर्फ मख्खी (19) को गिरफ्तार किया। विकेश सुंदरावली, थाना बृजनगर का निवासी है। आरोपी के कब्जे से डीग के महलों के सामने से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों और उसके गिरोह के सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी लाखन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया। वहीं, खोह थाना पुलिस ने वर्ष 2014 के आबकारी अधिनियम के एक मामले में 12 साल से फरार स्थायी वारंटी जोगेंद्र पुत्र कन्हैया को गिरफ्तार किया। जोगेंद्र कामां थाना क्षेत्र के बिलोन्द गांव का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उससे पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी शिवलहरी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।