डीग रेलवे स्टेशन पर सोमवार से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल गई है। आगरा रेल मंडल ने यहां यूटीएस-कम-पीआरएस (UTS-cum-PRS) सेवा शुरू कर दी है। अब यात्री एक ही काउंटर से आरक्षित (रिजर्वेशन) और अनारक्षित (जनरल) टिकट ले सकेंगे। इससे टिकट के लिए दूसरे स्टेशनों पर जाने की जरूरत खत्म होगी और समय व श्रम दोनों की बचत होगी। यात्रियों को मिली नई सुविधा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में यह सेवा शुरू की गई है। स्टेशन के आरक्षण काउंटर से अब दोनों प्रकार के टिकट जारी किए जाएंगे। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेगी। लंबे समय से थी स्थानीय लोगों की मांग रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डीग और आसपास के क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। सेवा शुरू होने से यात्रियों को टिकट बनवाने के लिए दूसरे स्टेशनों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे टिकटिंग व्यवस्था अधिक सरल और सुविधाजनक होगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बढ़ रहीं सुविधाएं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीग रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के बाद यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। यूटीएस-कम-पीआरएस सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को बताया प्राथमिकता आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीग स्टेशन पर इस सेवा के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को एक ही काउंटर पर आरक्षित और सामान्य दोनों तरह के टिकट आसानी से मिल सकेंगे। अधिकारी रहे मौजूद सेवा के शुभारंभ के अवसर पर मंडल वाणिज्य निरीक्षक दीपक गुप्ता, वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के कर्मचारी तथा अन्य रेल अधिकारी मौजूद रहे।