डीग में शरद पूर्णिमा पर महारास लीला का मंचन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रीकृष्ण लीलाओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्री बृज लठावन धाम में रामलीला महोत्सव समिति डीग यह आयोजन कर रही है। इसका मकसद बच्चों व युवाओं को धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना और उन्हें मोबाइल से दूर रखकर सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। समिति के मुख्य संरक्षक पंडित मुरारी लाल पाराशर ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला डीगवासियों की आस्था का केंद्र बन रही है। भजनों की आवाज सुनकर बच्चे-बुजुर्ग सभी लीला स्थल पर पहुंच जाते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती से की। महारास लीला में श्रीकृष्ण और गोपियों के प्रेम, भक्ति, समर्पण का मंचन हुआ। श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखे, परिसर जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष भानू सोनी, पूर्व भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अनिल कुमार गुप्ता, पीएमओ डॉ. जितेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।