डीग जिले में पंचायतीराज चुनाव से पहले मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान तेज हो गया है। गांवों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक मतदान का संदेश पहुंचाने के लिए बाइक और साइकिल रैलियां निकाली जा रही हैं। मंगलवार को डीग, कामां और बृजनगर ब्लॉक में स्वीप के तहत कई जागरूकता कार्यक्रम हुए। जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि डीग पंचायत समिति के कर्मचारियों ने बाइक रैली निकाली। वहीं, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खोहरी और गंगावक के छात्र-छात्राओं ने साइकिल रैली में भाग लेकर मतदान के महत्व के बारे में लोगों को बताया। कामां ब्लॉक में राजकीय महाविद्यालय कामां ने भी बाइक रैली की। बृजनगर ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बासबुर्जा में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस अभियान का मकसद मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को उनके मताधिकार का महत्व समझाना है।