डेह में सीमेंट कंपनी की नीतियों के खिलाफ किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। हरीमा गांव में श्रीबंशीवाला मंदिर की ‘डोली भूमि’ पर कंपनी द्वारा अवैध अतिक्रमण का आरोप लगाया है।। ग्रामीणों ने शनिवार से सड़क बंद कर दी है और अतिक्रमण हटाने की मांग पर अड़े हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने मंदिर की पवित्र जमीन पर जबरन कन्वेयर बेल्ट और सीमेंटेड सड़क का निर्माण किया है। उनका कहना है कि आस्था और हक की जमीन पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा मंगलवार को यह विवाद उस समय और गहरा गया, जब प्रशासन और भारी पुलिस जाब्ता धरना स्थल पर पहुंचा। प्रशासन की मंशा ग्रामीणों को हटाकर रास्ता खुलवाने की थी, लेकिन बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी और ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों के कड़े विरोध और एकजुटता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके से वापस लौटना पड़ा। सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक्स पोस्ट किया नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्थानीय लोग जेएसडब्ल्यू कंपनी की मनमर्जी के खिलाफ लंबे समय से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी, ‘यदि पुलिस-प्रशासन ने सत्ता के इशारे पर या लाठी के दम पर अवैध रास्ते को खुलवाने का प्रयास किया, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मामले में त्वरित संज्ञान लेने और किसानों की मांगों का सकारात्मक समाधान करने की मांग की है। वहीं, खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा है।