बूंदी जिले की देई थाना पुलिस ने ट्रॉली चोरी के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में थानाधिकारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। इसी टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 5 मार्च 2025 को सामने आया, जब ग्राम बांसी निवासी लाला पुत्र बलदेव कुशवाह ने देई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि उन्होंने करीब 20 दिन पहले 2,05,000 रुपए में एक नई ट्रॉली बनवाई थी। सुबह ट्रॉली लेने पहुंचा मालिक तो मिली गायब लाला इस ट्रॉली को अपने बाड़े के बाहर मुख्य सड़क पर खड़ा करते थे। 4 मार्च 2025 को सुबह 9 से 10 बजे के बीच उनके ड्राइवर ने ट्रॉली को बाहर खड़ा किया था। अगली सुबह जब लाला ट्रॉली लेने पहुंचे, तो वह वहां नहीं मिली। उन्होंने आसपास और परिचितों से काफी तलाश की, लेकिन ट्रॉली का कोई सुराग नहीं मिला। प्रार्थी की शिकायत के आधार पर देई थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने इसी मामले में आरोपियों ओमेश और कुशाल उर्फ विष्णु कोगिरफ्तार किया है।