दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर पार्टी नेता कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने में जुटे हैं। कांग्रेस की ओर से एआईसीसी पर्यवेक्षक लखन सिंगला, राजस्थान सह प्रभारी पूनम पासवान, कोटा जिला प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। लखन सिंगला ने कहा- भाजपा का काम केवल रोना है। बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष का बयान बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। पार्टी प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का काम हमेशा रोने का ही रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या उनके प्रवक्ता कुछ भी बोलें तो वह जायज ठहराया जाता है, लेकिन अगर कांग्रेस अध्यक्ष कोई सवाल उठाते हैं या जवाब देते हैं, तो उसे नाजायज बता दिया जाता है। कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को बिना वजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है, जबकि उन्होंने केवल पूछे गए सवाल का सीधा जवाब दिया था। यह कोई इतना बड़ा मुद्दा नहीं है। एक तारीख की रैली बदलेगी देश की सत्ता का रुख लखन सिंगला ने दावा करते हुए कहा कि एक तारीख को होने वाली यह रैली बेहद ऐतिहासिक होगी। यह रैली देश के भविष्य, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और आम जनता के अधिकारों का फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना है। आने वाले समय में देश और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी तथा राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री होंगे। राजस्थान से पहुंचेंगे एक लाख कार्यकर्ता तैयारियों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पूरे राजस्थान से लगभग एक लाख कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उनके प्रभार वाले 8 जिलों और लगभग 40 विधानसभा क्षेत्रों से अकेले 40,000 से अधिक कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे। सभी 8 जिलों का दौरा पूरा कर लिया गया है, जहां जिला अध्यक्षों और स्थानीय नेताओं के साथ रणनीति बना ली गई है। कार्यकर्ताओं से बहुत ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। चुनाव के बावजूद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह पूनम पासवान ने इस दौरान कहा कि राज्य में चुनावी माहौल और व्यस्तता के बावजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि आगामी तारीख में वोटिंग और चुनावी प्रक्रियाएं हैं, लेकिन इसके बावजूद राजस्थान की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रैली को सफल बनाने के लिए पूरी तरह एकजुट हैं।