राजधानी दिल्ली में बिगड़े मौसम और खराब विजिबिलिटी के चलते बीती रात कुल 21 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें घरेलू से लेकर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तक शामिल थीं। अचानक बढ़े ट्रैफिक से एयरपोर्ट पर देर रात तक हलचल बनी रही। इस दौरान डायवर्ट होकर पहुंचे पांच विमानों के पायलटों का ड्यूटी टाइम पूरा हो गया। ऐसे में एविएशन नियमों के अनुसार ड्यूटी टाइम समाप्त होने के बाद पायलट उड़ान संचालित नहीं कर सकते, जिसके बाद पैसेंजर्स को विमान से उतारकर बसों से दिल्ली भेजा गया। पांच डायवर्टेड विमान, जिनके पायलट्स की ड्यूटी पूरी हो गई थी दिल्ली में मौसम खराब रहने से शुक्रवार देर रात और भी छह फ्लाइट्स जयपुर पहुंचीं, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय और चार घरेलू उड़ानें शामिल थीं। इनमें अमेरिकन एयरलाइंस AA-292, एयर इंडिया AI-278 (कोलंबो-दिल्ली), इंडिगो 6E-6034 (बेंगलुरु-दिल्ली) जैसी उड़ानें थीं। इसी बीच एक इंटरनेशनल फ्लाइट की जयपुर एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लैंडिंग भी करानी पड़ी। मामला एयर एशिया की कुआलालंपुर से दिल्ली जा रही इंटरनेशनल फ्लाइट D7-182 का है। यह फ्लाइट दिल्ली में खराब मौसम के कारण लैंड नहीं कर सकी और काफी देर तक दिल्ली के आसमान में चक्कर लगाती रही। लगातार होल्डिंग के कारण विमान में ईंधन कम होने लगा, जिसके बाद एहतियातन फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया। फ्यूल की स्थिति गंभीर होने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फुल इमरजेंसी घोषित की और रात करीब 11:15 बजे फ्लाइट को सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद पैसेंजर्स और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि ईंधन भरने के बाद यह फ्लाइट रात करीब 3 बजे फिर दिल्ली के लिए रवाना हुई। दिल्ली का मौसम अभी भी खराब है, ऐसे में जयपुर एयरपोर्ट पर आज भी हलचल बनी हुई है। --- ये खबर भी पढ़ें जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट और यात्रियों की संख्या में गिरावट:लखनऊ और गुवाहाटी से भी हुआ पीछे, महंगी UDF फीस से घट रहे पैसेंजर्स राजधानी जयपुर का एयरपोर्ट अब देश के अन्य प्रमुख हवाई अड्डों की तुलना में काफी पीछे छूटता नजर आ रहा है। एक समय तेजी से बढ़ते एयर ट्रैफिक और यात्री संख्या के लिए पहचान बना चुका जयपुर एयरपोर्ट आज लखनऊ और गुवाहाटी जैसे शहरों से भी पिछड़ गया है, जो राजस्थान की पर्यटन और आर्थिक प्रगति के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। (पूरी खबर पढ़ें)