तीन बार के एशियन पैरा गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट नीरज यादव का मंगलवार रात दिल्ली में निधन हो गया। कोच का दावा है कि उनकी मौत जहर खाने से हुई है। नीरज डोपिंग के चलते 4 साल से प्रतिबंधित थे। 42 साल के नीरज यादव पैरा एथलेटिक्स की F-55 कैटेगरी में हिस्सा लेते थे। इसमें खिलाड़ी बैठकर थ्रो करने वाले इवेंट में हिस्सा लेते हैं। अस्पताल में नहीं बचाई जा सकी जान शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सोनीपत के एक अपार्टमेंट में घर पर बेहोश मिलने के बाद नीरज को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। दिल्ली के GTB अस्पताल में बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुमित अंतिल और विपिन कसाना अस्पताल पहुंचे नीरज के निधन की खबर मिलने के बाद पैरालिंपिक चैंपियन सुमित अंतिल और पैरा-एथलीट विपिन कसाना GTB अस्पताल पहुंचे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। 6 महीने से परिवार से अलग रह रहे थे नीरज, एक बच्ची को गोद लिया था भारत के मुख्य पैरा-एथलेटिक्स कोच एस. सत्यनारायण ने बताया, नीरज पिछले 6 महीने से सोनीपत के एक अपार्टमेंट में अपनी मां और पत्नी से अलग रह रहे थे। उनकी मां और पत्नी दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर के पास रहती थीं। नीरज ने एक बच्ची को गोद लिया था, जो उनकी मां और पत्नी के साथ रहती थी। डोपिंग बैन से मेडल छिने, सरकारी नौकरी पर भी असर नीरज ने 2023 में हांगझोउ एशियन पैरा गेम्स में जेवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीते थे। इसके कुछ दिन बाद डोपिंग मामले में उन पर 4 साल का बैन लगा दिया गया और उनके मेडल छीन लिए गए थे। कोच के मुताबिक, इस कार्रवाई का असर नीरज को मिलने वाली सरकारी नौकरी पर भी पड़ा। उन्होंने बताया कि नीरज के परिवार का खर्च 2018 एशियन पैरा गेम्स में मिली इनामी राशि से चल रहा था। कोच के मुताबिक, नीरज नागोया एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेना चाहते थे। उन्होंने पूछा था कि क्या वे ट्रायल्स में हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन बैन जारी होने के चलते वे ऐसा नहीं कर सके। कोच ने आशंका जताई कि इस वजह से नीरज भावनात्मक तनाव से गुजर रहे थे। ----------------------------------------- स्पोर्ट्स की यही खबर भी पढ़ें… विमेंस प्रीमियर लीग का मिनी ऑक्शन आज:146 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली विमेंस प्रीमियर लीग के पांचवें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आज कोच्चि में होगी। ऑक्शन शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इस मिनी ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इनमें से 27 खिलाड़ी खरीदे जा सकते हैं। विदेशी खिलाड़ियों के लिए सिर्फ 7 स्लॉट खाली हैं। पूरी खबर…