सादुलपुर | जोहड़ पायतन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन दिया गया। प्रतिनिधि मडल द्वारा दए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजगढ़ से खेमाणा जाने वाले रास्ते पर जोहड़ पायतन की भूमि पर रातों रात जेसीबी लगाकर मिट्‌टी चोरी की जा रही है। साथ ही भराव कर बेशकीमती जमीन पर अतिक्रमण कर हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त भूमि खेमाणा गांव का वर्षों पुराना जोहड़ है, जिसमें पशु चराने व गांव से आने-जाने वाले लोगों के विश्राम करने की जगह थी। यहां पर पशुओं के पानी पीने की एक कुई थी व एक मकान बना हुआ था। नौ जुलाई की रात को अज्ञात लोगों ने मकान को जमीदोश कर दिया व अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहे हैं। अन्य खसरा नंबर व दूसरी जगह के कागज दिखाकर भूमि अपनी होने का दावा किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने अतिक्रमण जल्द नहीं हटाए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में अनूप पूनिया, रणसिंह पूनिया, सत्यवीर खेमाना, मोहनलाल झाड़सर, राजेश भामासी, सुखवीर सहारण, सुभाष सुंडा आदि थे।