सादुलपुर | सिद्धमुख केंद्र पर चना तुलाई में गड़बड़ी के मामले को लेकर पूर्व अध्यक्ष व उनकी कार्यकारिणी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर शुक्रवार को पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व अध्यक्ष गणपत ख्यालिया की तत्काल गिरफ्तारी तथा मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि सिद्धमुख में चना तुलाई में हुई कथित अनियमितताओं से किसानों का विश्वास प्रभावित हुआ है, इसलिए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में करतार सिंह टांडी, कांग्रेस देहात ब्लॉक अशोक पूनिया, शहर ब्लॉक अध्यक्ष सीताराम प्रजापत, वेदप्रकाश रेडू आदि शामिल थे।