अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की आड़ में स्थानीय स्तर पर मुनाफाखोरी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ अब जन संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। डीडवाना जिला न्याय संघर्ष समिति ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में राशन और गैस की कालाबाजारी पर तुरंत लगाम लगाने की मांग की है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष पप्पू तंवर के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में ईरान, अमेरिका और इजराइल के मध्य चल रहे युद्ध की परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाया जा रहा है। डीडवाना और मौलासर तहसील के व्यापारी मनमर्जी से खाद्य तेल और गैस सिलेंडरों के दामों में बढ़ोतरी कर रहे हैं। समिति ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कीमतों में ऐसी कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसके बावजूद, स्थानीय दुकानदार स्टॉक होने के बाद भी कृत्रिम कमी दिखाकर आम जनता से अधिक पैसे वसूल रहे हैं। इससे क्षेत्र की जनता न केवल आर्थिक बल्कि मानसिक रूप से भी परेशान हो रही है। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि डीडवाना और मौलासर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का तुरंत औचक निरीक्षण किया जाए।कालाबाजारी में लिप्त व्यापारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं की निर्धारित दरों पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आम जनता को साथ लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समाधान किया जाना जरूरी है।