टोंक| पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल, छान में 28वीं संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें जवाहर नवोदय स्कूल, दौसा (राजस्थान), फतेहाबाद (हरियाणा) और हनुमानगढ़ (राजस्थान) की विद्यार्थी टीमों ने भाग लिया। उन्होंने भारतीय संसदीय लोकतंत्र की परंपराओं, मर्यादाओं और कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद सुखवीर सिंह जौनपुरिया के आतिथ्य में कार्यक्रम हुआ। नवोदय विद्यालय समिति, जयपुर संभाग के सहायक आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने अध्यक्षता की। भाजपा के जिला महामंत्री विष्णु शर्मा मौजूद रहे। जवाहर नवोदय स्कूल, सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) के प्राचार्य रामावतार बुरड़क भी उपस्थित रहे। स्कूल के प्राचार्य अनिल कुमार जांगिड़ ने अतिथियों का दुपट्टा एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। पूर्व सांसद जौनपुरिया ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन, मर्यादा और संसदीय परंपराओं का पालन किया। उन्होंने आदर्श संसदीय कार्यवाही का प्रदर्शन किया। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है। सत्ता पक्ष को भी उसके सुझावों और आलोचनाओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती आपसी संवाद, सहमति-असहमति के सम्मान और संवैधानिक मर्यादाओं के पालन में निहित है। इस दौरान उपप्राचार्य राजीव कुमार चौहान सहित प्रतिभा सिंह, भक्तराज, भागेश्वरी भाटिया, ताराचंद शर्मा, सुरेश कुमार चौधरी, ममता शर्मा और मनीष देव सहित शिक्षक, स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।