जिले के माध्यमिक शिक्षा विभाग में शुक्रवार को सुबह 10.15 बजे नए डीईओ ने कार्य संभाल लिया। साइंस के व्याख्याता रहे नए डीईओ सज्जन सिंह सैनी ने पद संभालते ही साफ कर दिया कि चूरू के सरकारी स्कूलों में अब पारंपरिक ढर्रे के बजाय डिजिटल लर्निंग और वैज्ञानिक नवाचारों पर फोकस रहेगा। खास बात ये है कि कलेक्टर द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे डिजिटल नवाचारों को आगे बढ़ाने में नए डीईओ का साइंस बैकग्राउंड मददगार साबित होगा। दैनिक भास्कर ने नए डीईओ सैनी से िशक्षकों के खाली पदों सहित कई मुद्दों को लेकर बातचीत की तो वे बोले मैं खुद साइंस बैकग्राउंड से हूं, इसलिए चूरू के सरकारी स्कूलों के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के प्रयास करेंगे। विज्ञान सिर्फ किताबों में नहीं, प्रैक्टिकल में है। मेरा प्रयास रहेगा कि जिले की हर सीनियर सैकंडरी स्कूल की लैब एक्टिव हो। बच्चों को रटने के बजाय कर सीखने पर जोर दिया जाएगा। हम स्कूल स्तर पर साइंस मॉडल और नवाचारों को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि कलेक्टर खुद चूरू में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल नवाचार कर रहे हैं, उनके इस विजन को आगे बढ़ाने के लिए हर ग्रामीण स्कूल और आखिरी छात्र तक पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।