जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने ग्रामीणों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम देवरी देव में चारागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत सरखण्डिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान मिली शिकायत के बाद की गई। ग्रामीणों ने शिविर में चारागाह भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही जिला कलेक्टर संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। निरीक्षण में शिकायत सही पाए जाने पर जिला कलेक्टर ने तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अमले ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इसके साथ ही तहसीलदार को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में सरकारी व चारागाह भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर राठौड़ ने स्पष्ट किया कि सरकारी, सार्वजनिक और चारागाह भूमि पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जिलेभर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन के अधिकार सुरक्षित रह सकें। इस कार्रवाई के दौरान जिला परिषद सीईओ शम्भु दयाल मीणा, संबंधित तहसीलदार, विकास अधिकारी, पटवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।