धारव हाई स्कूल के अजमेर रोड कैंपस में आयोजित मेगा यूनिवर्सिटी फेयर में देश और विदेश के 100 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों ने हिस्सा लिया। अजमेर रोड और विद्याधर नगर (वीडीएन) कैंपस की संयुक्त पहल से आयोजित फेयर में 14 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों की भागीदारी रही। कार्यक्रम में 1,500 से अधिक छात्रों और उनके अभिभावकों ने हिस्सा लेकर उच्च शिक्षा, एडमिशन, स्कॉलरशिप और करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और अभिभावकों को विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों और एडमिशन विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, विदेश में पढ़ाई और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त किए। धारव हाई स्कूल की चेयरपर्सन देवयानी जयपुरिया ने कहा- स्कूल का उद्देश्य छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों को एक मंच पर लाने का उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों को सही समय पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें। देश-विदेश के संस्थानों की रही भागीदारी यूनिवर्सिटी फेयर में जापान की यूनिवर्सिटी ऑफ टोक्यो, यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग, यूनाइटेड किंगडम की यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम, अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कनेक्टिकट, नीदरलैंड्स की यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रोनिंगेन, फ्रांस की ईएसएसईसी बिजनेस स्कूल, आयरलैंड की यूनिवर्सिटी कॉलेज डबलिन, इटली की डोमस अकादमी मिलान और स्विट्जरलैंड की लेस रोशेस सहित 14 देशों के प्रमुख विश्वविद्यालय शामिल हुए। वहीं भारत से अशोका यूनिवर्सिटी, फ्लेम यूनिवर्सिटी, महिंद्रा यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सल एआई यूनिवर्सिटी, अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी (अहमदाबाद) और वीआईटी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों ने छात्रों को अपने पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रियाओं की जानकारी दी। एआई और उभरते करियर विकल्पों पर भी मिला मार्गदर्शन धारव हाई स्कूल की डायरेक्टर डॉ. अदिति मिश्रा ने कहा कि आज के समय में सही करियर चयन के लिए समय रहते उचित मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह यूनिवर्सिटी फेयर केवल एडमिशन तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजाइन, रिसर्च और अन्य उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की भी जानकारी दी गई। करीब तीन घंटे तक चले इस आयोजन में छात्रों और अभिभावकों ने विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर उच्च शिक्षा और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्रों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।