राजसमंद में केलवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धांयला के सामने मुख्य सड़क पर स्थित नाले की टूटी हुई स्लैब और खुला गहरा गड्ढा लंबे समय से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। पंचायत भवन के ठीक सामने होने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोहे के सरिए बाहर निकले प्रतिदिन इस मार्ग से सैकड़ों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, महिलाएं तथा दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। नाले पर लगी सीमेंट की स्लैब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और उसके लोहे के सरिए बाहर निकल आए हैं। नीचे गहरा नाला खुला पड़ा है, जिसमें गंदा पानी भरा रहता है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इसी रास्ते से बच्चे जाते हैं घर ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही दूरी पर विद्यालय स्थित है और छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर स्कूल आते-जाते हैं। कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के मौसम में पानी भर जाने से गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से टूटी स्लैब को तत्काल बदलने, गड्ढे को सुरक्षित करने तथा नाले की स्थाई मरम्मत कराने की मांग की है।