धौलपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने गुरुवार को राजकीय बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गृह की सुरक्षा समेत आवासीय, स्वास्थ्य, भोजन, शिक्षा और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में किया गया। 13 कानून से जुड़े बच्चे और 2 शिशु मिले निरीक्षण के समय गृह में कानून से जुड़े 13 बच्चे, देखभाल एवं संरक्षण की श्रेणी के 2 बच्चे और 2 शिशु मौजूद मिले। सचिव ने बच्चों के रहने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन की गुणवत्ता, शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों को अलग-अलग रखने से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। सुरक्षा व्यवस्था पर जताई गंभीरता सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेने पर गृह प्रभारी ने बताया कि यहां 6 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जिनमें से 2 सुरक्षाकर्मी एक साथ प्रतिदिन 8-8 घंटे की ड्यूटी करते हैं। इस पर रेखा यादव ने गृह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। बच्चों से अकेले में बातचीत, अधिकारों की दी जानकारी निरीक्षण के दौरान सचिव रेखा यादव ने बच्चों से अकेले में बातचीत कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, भोजन और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, मुफ्त कानूनी सहायता, शिक्षा और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही अनुशासन बनाए रखने और भविष्य में अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। शिशुओं की देखभाल और साफ-सफाई पर जोर सचिव ने देखभाल एवं संरक्षण की श्रेणी वाले बच्चों से भी पढ़ाई और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वहीं, शिशुओं की देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और शिशुओं के रोजाना कपड़े बदलने सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।