धौलपुर जिले में लगातार बारिश से हालात खराब हो गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और जलाशयों में पानी तेजी से बढ़ रहा है। चंबल नदी का जलस्तर बढ़कर 129 मीटर तक पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 130 मीटर से सिर्फ एक मीटर नीचे है। बताया जा रहा है कि एक ही रात में चंबल नदी के जलस्तर में करीब 8 मीटर की बढ़ोतरी हुई है। बारिश के कारण दो जगहों पर पक्के मकान भी टूट गए हैं। मांगरोल में बारिश से गिरा मकान बारिश की वजह से धौलपुर जिले के मांगरोल कस्बे में नंदन बाबा का एक पक्का मकान गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय मकान गिरा, उस समय उसमें कोई नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं, सागरपाड़ा मोहल्ले में भी एक पक्के मकान का हिस्सा बारिश के कारण टूटकर गिर गया। फसलों पर भी मंडराया संकट लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। इससे खरीफ की फसलों को भारी नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहा तो फसलें खराब हो सकती हैं। बारिश और जलभराव से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन पानी उतरने के बाद ही सामने आएगा। नदी-नाले उफान पर, प्रशासन अलर्ट चंबल और पार्वती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन के सामने नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ाने की चुनौती है। जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी, प्रभावित मार्गों पर आवागमन नियंत्रित करने और नदी-नालों के आसपास लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है।