धौलपुर में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान उनका पुतला भी जलाया गया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार जाटव और प्रदेश कोषाध्यक्ष रोहित वोहरा ने किया। इसमें कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक रोहित वोहरा ने कहा कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन देश है। वहां से होने वाली आतंकी घटनाओं में देश के सैनिक और आम नागरिक मारे गए हैं। उन्होंने पुलवामा में 40 जवानों की मौत और अप्रैल 2025 में पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या का जिक्र किया। वोहरा ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष का यह बयान वीर सैनिकों और अमर शहीदों का अपमान है। उन्होंने भाजपा से इस बयान पर सफाई देने को कहा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार जाटव ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष का बयान उन सैनिकों, शहीदों और निर्दोष नागरिकों के सम्मान के खिलाफ है, जिन्होंने आतंकी घटनाओं में अपनी जान गंवाई। बसेड़ी विधानसभा प्रभारी प्रशांत उपाध्याय ने भी इस बयान की आलोचना की और भाजपा सरकार पर कई मोर्चों पर नाकाम रहने का आरोप लगाया।